आज से सीबीएसई 10वीं की दूसरी बोर्ड परीक्षा, 90 परीक्षा केंद्र बनाए
सभी परीक्षा केंद्र सीसीटीवी कैमरों से लैस
CBSE 10वीं की दूसरी बोर्ड परीक्षा शुक्रवार से शुरू होगी। पहले दिन गणित (बेसिक व स्टैंडर्ड) का पेपर सुबह 10:30 से 1:30 बजे तक होगा। अजमेर रीजन में 1,300 स्कूलों के 21 हजार विद्यार्थी 90 केंद्रों पर परीक्षा देंगे। नकल रोकने के लिए तीन स्तरीय उड़नदस्ते, ऑब्जर्वर और CCTV निगरानी रहेगी। परीक्षा 21 मई तक 47 विषयों के साथ चलेगी।
अजमेर। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 10वीं की दूसरी बोर्ड परीक्षा शुक्रवार से शुरू होगी। पहले दिन सुबह 10.30 से दोपहर 1.30 बजे तक पहली पारी में गणित बेसिक व स्टैण्डर्ड का पर्चा होगा। बोर्ड ने परीक्षा के सफल और सुचारु संचालन की तैयारियां पूरी कर ली हैं। अजमेर रीजन में इस परीक्षा में राजस्थान के करीब 13 सौ स्कूलों के 21 हजार विद्यार्थी पंजीकृत हुए हैं। करीब 90 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा केन्द्रों पर हाइटेक नकल के मामलों को रोकने के तीन स्तर पर उड़नदस्तों के गठन के साथ ही संवेदनशील परीक्षा केन्द्रों के लिए आॅब्जर्वर नियुक्त किए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्र सीसीटीवी कैमरों से लैस होंगे। दिल्ली मुख्यालय से भी इनकी निगरानी होगी।
21 मई तक चलेगी, कुल 47 विषयों की परीक्षा- परीक्षा 15 से शुरू होकर 21 मई तक चलेगी। परीक्षा एक पारी में सुबह 10.30 से दोपहर 1.30 बजे तक होगी। जबकि कई माइनर विषयों की परीक्षा सुबह 10.30 से दोपहर 12.30 बजे तक भी होगी। बोर्ड 6 दिन तक चलने वाली इस परीक्षा के दौरान 47 विषयों की परीक्षा लेगा।

Comment List