जंगल में मिला पैंथर का शव : पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत के कारणों का खुलासा, वन विभाग ने शव दफनाया
आपसी संघर्ष मेंं मौत की आशंका
जंगली क्षेत्र में मंगलवार को पैंथर का शव मिला। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लिया और घूघरा घाटी स्थित रेंज कार्यालय में पोस्टमार्टम के बाद दाह संस्कार कर दिया। प्रथमदृष्टया पैंथर की मौत का कारण किसी अन्य जानवर के साथ आपसी संघर्ष माना जा रहा है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों की जानकारी मिल सकेगी।
अजमेर। बबाइचा, चाचियावास के निकट जंगली क्षेत्र में मंगलवार को पैंथर का शव मिला। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लिया और घूघरा घाटी स्थित रेंज कार्यालय में पोस्टमार्टम के बाद दाह संस्कार कर दिया। प्रथमदृष्टया पैंथर की मौत का कारण किसी अन्य जानवर के साथ आपसी संघर्ष माना जा रहा है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों की जानकारी मिल सकेगी।
क्षेत्रीय वन अधिकारी जय सिंह ने बताया कि मंगलवार सुबह 11 बजे चाचियावास, नरवर के ग्रामीणों से सूचना प्राप्त हुई कि क्षेत्र में एक पैंथर मृत पड़ा है। टीम शव घूघरा घाटी स्थित रेंज कार्यालय में लेकर आई। जहां पशु चिकित्सक डॉ. सुधाकर सैनी ने पोस्टमार्टम किया। जिसकी रिपोर्ट बुधवार तक आएगी। जिसके बाद ही पैंथर की मौत का कारण सामने आएगा। फिलहाल विभाग ने पोस्टमार्टम कराने के बाद उसका प्रोटोकॉल के साथ दाह संस्कार करवा दिया। इस दौरान तहसीलदार व सिविल लाइन थाने के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।
नहीं मिले चोट के निशान
मृतक पैंथर की पूंछ पर जगह-जगह चोट के निशान मिले हैं। ऐसे में उसकी मौत का कारण किसी अन्य जानवर के साथ आपसी संघर्ष माना जा रहा है। पैंथर के शरीर पर किसी प्रकार के गन शॉट (गोली लगने), फंदा लगने तथा जहरखुरानी होने का कोई साक्ष्य सामने नहीं आया है। ऐसे में प्रबल संभावना है कि पैंथर की मौत आपसी संघर्ष में हुई हो।

Comment List