बाड़मेर में डेढ़ लाख रुपए के नकली नोट पकड़े, पेट्रोल पंप पर 2220 रुपए का डीजल भरवाकर 500 के नकली नोट थमाए
क्रेटा से भागे तीन युवक हिरासत में
बाड़मेर। जिले में नकली नोटों के जरिए ठगी का मामला सामने आया है। रामसर थाना क्षेत्र के बालाजी पेट्रोल पंप पर बुधवार रात डीजल भरवाने के बाद नकली नोट देकर फरार हुए तीन युवकों को पुलिस ने देर रात पकड़ लिया। पुलिस ने युवकों के कब्जे से करीब डेढ़ लाख रुपए के नकली नोट बरामद किए हैं। साथ ही बिना नंबर की क्रेटा कार भी जब्त की गई है। फिलहाल तीनों से पूछताछ और नकली नोटों की जांच की जा रही है। बुधवार रात करीब 8 बजे तीन युवक क्रेटा कार से बालाजी पेट्रोल पंप पहुंचे। उन्होंने कार में 2220 रुपए का डीजल भरवाया। भुगतान के दौरान युवकों ने सेल्समैन को 500-500 रुपए के चार नोट तथा 200 और 20 रुपए का एक-एक नोट दिया। नोट हाथ में लेते ही सेल्समैन को 500 रुपए के नोटों पर संदेह हुआ। उसने युवकों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वे कार लेकर फरार हो गए। सेल्समैन ने तत्काल पेट्रोल पंप संचालक जयपाल पुनिया को घटना की जानकारी दी।
पंप संचालक ने पीछा किया :
जयपाल पुनिया ने बताया कि सूचना मिलने के बाद उन्होंने अपने पिता और भाई के साथ कार से क्रेटा कार का पीछा किया, लेकिन आरोपी तेज गति से वाहन भगाकर फरार हो गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने तत्काल क्षेत्र में नाकाबंदी करवाई कर आरोपी को पकड़ लिया।

Comment List