राजस्थान में अम्बेडकर डीबीटी वाउचर योजना बनी सहारा : 7314 छात्रों को पढ़ाई के लिए दिए माहवार पैसे, इस साल 5 हजार को और मिलेंगे
प्रत्येक विद्यार्थी को सालाना 20 हजार रुपए तक का प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा
भजनलाल शर्मा सरकार की अम्बेडकर डीबीटी वाउचर योजना आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए सहारा बनी। अब तक 7314 छात्रों को लाभ, योजना पर 11 करोड़ रुपए खर्च। विद्यार्थियों को किराया, भोजन और बिजली-पानी के लिए प्रतिमाह 2 हजार रुपए सहायता दी जा रही।
जयपुर। उच्च शिक्षा के लिए घर से दूर रहकर पढ़ाई कर रहे आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए भजनलाल सरकार की अम्बेडकर डीबीटी वाउचर योजना बड़ी राहत बनकर उभरी है।
योजना के तहत अब तक 7314 छात्रों को लाभ दिया जा चुका है। सरकार ने गत ढाई वर्षों में योजना पर 11 करोड़ रुपए से अधिक खर्च किए हैं। इस वर्ष 5 हजार और विद्यार्थियों को योजना से जोड़ने का लक्ष्य है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित इस योजना के तहत ऐसे छात्र लाभान्वित हो रहे हैं जो अपने गृह नगर से दूर जिला मुख्यालय स्थित राजकीय महाविद्यालयों में अध्ययन कर रहे हैं और किराए के मकान या पेइंग गेस्ट के रूप में रह रहे हैं। विद्यार्थियों को रहने, भोजन, बिजली-पानी जैसी आवश्यक सुविधाओं के लिए प्रतिमाह 2 हजार रुपए की सहायता अधिकतम 10 माह तक दी जाती है। इस तरह प्रत्येक विद्यार्थी को सालाना 20 हजार रुपए तक का प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है। योजना में अनुसूचित जाति, जनजाति, ओबीसी, एमबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के विद्यार्थियों को शामिल किया गया है।
आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है, जिससे पारदर्शिता बनी रहे और राशि सीधे विद्यार्थियों के बैंक खातों में पहुंच रही है। मंत्री अविनाश गहलोत ने कहा कि सरकार की मंशा है कि आर्थिक अभाव के कारण कोई भी विद्यार्थी अपनी पढ़ाई बीच में न छोड़े।

Comment List