निमोनिया से बचाव के लिए घर-घर पहुंचेगी आशा सहयोगिनी, पांच साल तक के बच्चों की होगी जांच
बच्चों को निमोनिया से बचाने की तैयारी
जयपुर। पांच वर्ष तक के बच्चों को निमोनिया से बचाने और समय पर उपचार उपलब्ध कराने के लिए जयपुर प्रथम में 12 नवंबर से 28 फरवरी 2027 तक सांस अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत आशा सहयोगिनियां घर-घर जाकर बच्चों में निमोनिया के लक्षणों की पहचान करेंगी। खांसी, तेज सांस चलना, छाती में धंसाव, सांस लेने में परेशानी और दूध या तरल पदार्थ पीने में असमर्थता जैसे लक्षणों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। सीएमएचओ जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत ने बताया कि चिकित्सा अधिकारियों, नर्सिंगकर्मियों, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों, एएनएम और आशा सहयोगिनियों को अभियान के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा।
गंभीर बच्चों को तत्काल उच्च चिकित्सा संस्थान रेफर किया जाएगा। स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक दवाइयों, ऑक्सीजन और उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। अभियान के तहत नियमित टीकाकरण को बढ़ावा देते हुए पेंटावेलेंट और न्यूमोकोकल टीके की सभी निर्धारित खुराक सुनिश्चित की जाएंगी। वहीं, 15 से 21 नवंबर तक राष्ट्रीय नवजात शिशु सप्ताह मनाया जाएगा। इस दौरान स्तनपान, नवजात संक्रमण की रोकथाम और समय पर स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी। इसकी थीम स्मॉल बेबीज, बिग पोटेंशियल है।

Comment List