विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर प्रदेश की सुख समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की, प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं
महाशिवरात्रि भगवान शिव की आराधना का महान पर्व
राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष Vasudev Devnani ने महाशिवरात्रि पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भगवान शिव की आराधना के इस पर्व को आत्मसंयम, तप, त्याग और सत्य का प्रतीक बताया। देवनानी ने सामाजिक समरसता, सद्भाव और नैतिक मूल्यों को मजबूत करने का आह्वान किया।
जयपुर। राजस्थान विधान सभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने महाशिवरात्रि पर्व के पावन अवसर पर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की है। देवनानी ने प्रदेशवासियों को महाशिवरात्रि पर्व की शुभकामनाएं दी हैं।
देवनानी ने कहा कि महाशिवरात्रि भगवान शिव की आराधना का महान पर्व है, जो हमें आत्मसंयम, तप, त्याग और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। यह पर्व आध्यात्मिक जागरण, श्रद्धा और आस्था का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भगवान शिव समस्त सृष्टि के कल्याणकारी एवं संहारक रूप में पूजनीय हैं। महाशिवरात्रि का यह पावन दिन हमें समाज में समरसता, सद्भाव और नैतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का संदेश देता है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे इस पावन पर्व को श्रद्धा, उत्साह और अनुशासन के साथ मनाएं तथा सामाजिक एकता और भाईचारे को और मजबूत करें।

Comment List