देवउठनी एकादशी से पहले बाजारों में उमड़ी भीड़, कई जगह पर जाम के हालात
खरीदारी से बाजारों में लगा जाम
जयपुर। देवउठनी एकादशी नजदीक आने के साथ ही राजधानी के बाजारों में खरीदारी की रौनक बढ़ने लगी है। रविवार को साप्ताहिक अवकाश के बावजूद परकोटे के प्रमुख बाजारों में दिनभर खरीदारों की भीड़ उमड़ी। खजाने वालों का रास्ता बड़ी चौपड़ और जौहरी बाजार में सुबह से ही चहल-पहल नजर आई। देवउठनी एकादशी के साथ ही शादियों का सीजन भी शुरू होने वाला है। ऐसे में लोग त्योहार और मांगलिक आयोजनों की तैयारियों के लिए खरीदारी में जुटे हैं। कपड़े, आभूषण, सजावटी सामान, पूजा सामग्री और घरेलू जरूरतों के सामान की खरीददारी हो रही है।
ग्राहकों की भीड़ से व्यापारियों के चेहरे खिले :
परकोटे के रामगंज बाजार स्थित दड़ा मार्केट में रविवार को अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली। साप्ताहिक अवकाश के दिन भी बाजार में सुबह से ही ग्राहकों की आवाजाही बनी रही। खरीदारी के लिए पहुंचे लोगों के चलते दुकानों पर रौनक नजर आई। बाजार में दिनभर चहल-पहल रही। परिवारों के साथ पहुंचे लोगों ने अपनी जरूरत के सामान की खरीदारी की। ग्राहकों की भीड़ से व्यापारियों के चेहरे भी खिले नजर आए। रविवार को बाजार में बढ़ी हलचल ने रामगंज के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र के रूप में दड़ा मार्केट की रौनक को दर्शाया।
खरीदारी से बाजारों में लगा जाम :
देवउठनी एकादशी को लेकर हुई खरीदारी के चलते रविवार को छुट्टी के दिन भी शहर के प्रमुख बाजारों में खासी भीड़ रही। सुबह से ही बाजारों में खरीदारों की आवाजाही बढ़ने लगी, जिसका असर यातायात व्यवस्था पर भी दिखाई दिया। जौहरी बाजार और चांदपोल सहित अन्य प्रमुख बाजारों में दिनभर जाम के हालात बने रहे। इससे स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

Comment List