भजनलाल सरकार : अपराध दर 4.90 और महिला अत्याचार 9.24% कम हुए
गंभीर अपराधों में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज
सरकार ने नई पुलिस भर्ती, महिला बटालियन की स्थापना और साइबर क्राइम से निपटने के लिए तकनीकी संसाधनों को सुदृढ़ किया है।
जयपुर। सीएम भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में भाजपानीत सरकार बनने के बाद राजस्थान में अपराध पर जीरो टालरेंस की नीति को सख्ती से लागू किया गया है। इसके चलते अपराधों का ग्राफ कम हुआ है। सरकार अपराध रोकने के लिए ऑपरेशन मोड पर काम कर रही है। सख्त नीतियों, एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स, एंटी रोमियो स्क्वॉड और पेपर लीक मामलों पर एसआईटी जैसी प्रभावी कार्रवाइयों का प्रदेश में असर दिखने लगा है।
प्रदेश में अपराध दर में बीते 18 महीनों में 4.90 फीसदी कम हुई है। जबकि पिछली सरकार के अंतिम डेढ़ वर्ष यानी जुलाई 2022 से दिसंबर 2023 में 4,68,905 आपराधिक प्रकरण दर्ज हुए थे, जबकि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में जनवरी 2024 से जून 2025 में यह संख्या घटकर 4,45,915 रह गई है।
गंभीर अपराधों में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज हुई है। हत्या के मामलों में 12.96 फीसदी, डकैती में 25.45 फीसदी, लूट में 22.46 फीसदी, महिलाओं पर अत्याचार में 9.24 फीसदी और अनुसूचित जाति व जनजातियों के खिलाफ अपराधों में क्रमश: 17.80 फीसदी और 18.77 फीसदी की कमी आई है। सरकार ने नई पुलिस भर्ती, महिला बटालियन की स्थापना और साइबर क्राइम से निपटने के लिए तकनीकी संसाधनों को सुदृढ़ किया है। गांवों तक सुरक्षा के लिए ग्राम प्रहरी योजना लागू की गई है।

Comment List