निकाय चुनाव से पहले जयपुर पुलिस का बड़ा एक्शन : 2 लग्जरी गाड़ियां जब्त, 4.30 लाख के जाली नोट के साथ 4 गिरफ्तार
रोहतक के अमन राणा से मिली खेप
जयपुर। नगरीय निकाय चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता के बीच जयपुर पुलिस ने जाली नोटों के अंतरराज्यीय गिरोह के चार शातिर बदमाशों अंशुल निवासी रोहतक हरियाणा, साहिल चौधरी निवासी सीकर, प्रियांशु निवासी रोहतक हरियाणा और आकाश निवासी रोहतक हरियाणा को गिरफ्तार किया है। बजाज नगर थाना और सीएसटी आयुक्तालय की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से 4 लाख 30 हजार 500 रुपए के जाली नोट बरामद किए हैं।
साथ ही परिवहन में इस्तेमाल की जा रही दो लग्जरी वाहनों को जब्त किया है। विशेष पुलिस आयुक्त ऑपरेशंस ओमप्रकाश ने बताया कि गिरोह निकाय चुनाव के दौरान बाजार में जाली नोट खपाने की तैयारी में था। सीएसटी टीम को मिली सूचना के आधार पर बजाज नगर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर चारों आरोपियों को दबोच लिया।
रोहतक के अमन राणा से मिली खेप
प्रथम दृष्टया जांच में सामने आया कि जाली नोटों की खेप उन्हें हरियाणा के रोहतक निवासी अमन राणा से मिली थी। पुलिस का दावा है कि यह नेटवर्क फिलहाल बांग्लादेश से संचालित गिरोह से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। पूछताछ में गिरोह के अन्य सदस्यों तथा बड़ी मात्रा में जाली नोट बरामद होने की संभावना है।

Comment List