परिवहन निरीक्षक को धमकाने पर बस चालक-परिचालक के खिलाफ मामला दर्ज
जयपुर: आरटीओ निरीक्षक को धमकी, नशे में धुत बस चालक-परिचालक पर केस
जयपुर में प्रवर्तन कार्य के दौरान परिवहन निरीक्षक को धमकाने और राजकार्य में बाधा डालने के आरोप में बस चालक और परिचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। नशे की हालत में आरोपियों ने गाली-गलौज की और नौकरी से हटवाने की धमकी दी। आरटीओ प्रथम के निर्देश पर बस को सीज़ कर ट्रांसपोर्ट नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
जयपुर। जयपुर आरटीओ प्रथम में परिवहन निरीक्षक को धमकाने और प्रवर्तन कार्य में बाधा डालने के मामले में पुलिस ने बस चालक और परिचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। घटना दो दिन पूर्व की बताई जा रही है, जब प्रवर्तन कार्रवाई के दौरान AR11L0786 नंबर की बस को रोका गया था। वाहन रोके जाने पर चालक और कंडक्टर ने मौके पर हंगामा खड़ा कर दिया।
बताया जा रहा है कि दोनों नशे की हालत में थे और उन्होंने परिवहन निरीक्षक के साथ गाली-गलौज करते हुए उन्हें नौकरी से बर्खास्त करवाने की धमकी दी। स्थिति बिगड़ने पर मौके पर पुलिस को बुलाया गया और बस को सीज़ कर दिया गया। आरटीओ प्रथम राजेंद्र सिंह शेखावत के निर्देश पर परिवहन निरीक्षक देवेंद्र ने ट्रांसपोर्ट नगर थाने में राजकार्य में बाधा और राजमार्ग अवरुद्ध करने के आरोप में मामला दर्ज कराया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का भी विस्तृत खुलासा होने की संभावना है।

Comment List