शहरी सेवा शिविर-2026 का आयोजन, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने किया निरीक्षण
आमजन की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम
जयपुर। आमजन को त्वरित और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित किए जा रहे “शहरी सेवा शिविर-2026” का मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) परिसर स्थित नागरिक सेवा केन्द्र में निरीक्षण किया। इस दौरान अतिरिक्त मुख्य सचिव, नगरीय विकास एवं आवासन विभाग आलोक गुप्ता भी मौजूद रहे। मुख्य सचिव ने शिविर में पहुंचकर आवेदकों से बातचीत की और उनकी समस्याओं एवं प्रकरणों की जानकारी ली। उन्होंने टोकन व्यवस्था, आवेदन पंजीकरण, ई-मित्र काउंटर, अभिलेख संधारण, प्रतीक्षालय सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक नागरिक को सरल, सुगम और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि शहरी सेवा शिविर केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि आमजन की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम हैं।
शिविरों के जरिए नागरिकों को संवेदनशील और जवाबदेह प्रशासन का अनुभव होना चाहिए। जेडीए आयुक्त सिद्धार्थ महाजन ने मुख्य सचिव को शिविर की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि भू-प्रबंधन, लीज, नामांतरण, पट्टा, भवन निर्माण स्वीकृति, राजस्व वसूली सहित विभिन्न मामलों का प्राथमिकता से निस्तारण किया जा रहा है। शिविर के प्रथम दिवस में ही 327 प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया गया। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता से निपटाया जाए और किसी भी स्तर पर अनावश्यक समय नहीं लगे।

Comment List