जयपुर, सीकर, अजमेर सहित कई जिलों में जमकर बरसे मेघ, पारा पांच डिग्री तक गिरा
देर रात तक डेढ़ इंच से ज्यादा पानी बरसा
जयपुर। प्रदेश में मानसून की विदाई दो तीन दिन में शुरू हो जाएगी। ऐसे में जाते-जाते मानसून ने गुरुवार को राजधानी जयपुर सहित सीकर, अजमेर, सवाईमाधोपुर, भरतपुर, बूंदी सहित कई जिलों को जमकर भिगोया।
जयपुर में दिनभर तेज धूप के बाद शाम को अचानक मौसम बदला और शहर के कई इलाकों में तेज बारिश का दौर शुरु हो गया। जो कि रुक रुक कर देर रात तक चलता रहा। बारिश के कारण शहर की सड़कों पर पानी भर गया और जगह जगह सड़कों पर जाम के हालात हो गए। जयपुर में देर रात तक डेढ़ इंच से ज्यादा पानी बरसा। सीकर में भी तेज बारिश हुई। अजमेर जिले में भी तेज बारिश से लोगों को राहत मिली। जिले के केकड़ी में भी अच्छी बरसात से कई निचले इलाकों में पानी भर गया। भरतपुर में भी कई इलाकों में तेज बारिश से जलभराव की स्थिति हो गई। बारिश के कारण जयपुर सहित कई जिलों के तापमान में भी पांच डिग्री तक की गिरावट आई।
आज भी जारी रहेगा बारिश का दौर :
मौसम विभाग केन्द्र जयपुर के अनुसार जोधपुर, उदयपुर, अजमेर, जयपुर, कोटा और भरतपुर संभाग के कुछ भागों में शुक्रवार को भी बारिश का दौर जारी रह सकता है। 20 सितम्बर को दक्षिण-पूर्वी व पूर्वी राजस्थान में कहीं कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस बीच 19 सितम्बर से प्रदेश के पश्चिमी इलाकों से मानसून की विदाई शुरु हो सकती है।

Comment List