मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दी धनतेरस की शुभकामनाएं, स्थानीय उत्पादों को अपनाने की अपील
जीवन में सुख-समृद्धि आए
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेशवासियों को धनतेरस के पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कामना की कि भगवान धन्वंतरि और मां महालक्ष्मी की कृपा से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली बनी रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान निरंतर प्रगति और विकास के नए आयाम स्थापित करे तथा प्रदेश के प्रत्येक परिवार के जीवन में सुख-समृद्धि आए। मुख्यमंत्री ने धनतेरस और दीपावली के अवसर पर प्रदेशवासियों से स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने और स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने की अपील भी की।
उन्होंने कहा कि राजस्थान की कला, संस्कृति और पारंपरिक हुनर प्रदेश की पहचान और गौरवशाली विरासत हैं। स्थानीय कारीगरों और छोटे उद्यमियों के उत्पाद खरीदकर उन्हें प्रोत्साहित करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि दीपावली पर 'वोकल फॉर लोकल' के संकल्प को अपनाकर स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा दिया जाए। इससे प्रदेश के कारीगरों और छोटे कारोबारियों को आर्थिक मजबूती मिलेगी तथा आत्मनिर्भरता के उनके सपनों को नई उड़ान मिलेगी।

Comment List