ई-वे बिल नियमों की अनदेखी पर वाणिज्यिक कर विभाग सख्त, 16 ट्रांसपोर्टरों के 29 वाहन पकड़े
जांच के आधार पर देय कर, ब्याज और दंड होगा निर्धारित
जयपुर। माल परिवहन के दौरान ई-वे बिल नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ वाणिज्यिक कर विभाग ने प्रवर्तन कार्रवाई तेज कर दी है। विभाग की टीमों ने पिछले 10 दिनों में 16 अलग-अलग ट्रांसपोर्टरों के 29 वाहन अनियमितताओं के चलते पकड़े हैं। इनमें बिना आवश्यक ई-वे बिल माल परिवहन करने तथा ई-वे बिल में वास्तविक माल की तुलना में कम मात्रा या मूल्य दर्शाने के मामले सामने आए हैं। विभाग ने सभी वाहनों को नियमानुसार जब्त कर माल और संबंधित दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है। जांच के आधार पर देय कर, ब्याज और दंड निर्धारित किया जाएगा।
पिछले तीन दिनों में जड़िया ट्रांसपोर्ट, पूजा रोड कैरियर्स, बालाजी ट्रांसपोर्ट, टीएफसी, ओम शिव ट्रांसपोर्ट, शक्ति, उदयपुर गोल्डन, शेखावाटी ट्रांसपोर्ट कंपनी और यू ट्रांस लॉजिस्टिक सहित कई ट्रांसपोर्टरों के वाहन कार्रवाई की जद में आए हैं। विभाग के अनुसार कुछ मामलों में कर चोरी की आशंका है। प्रवर्तन टीमें वाहनों में लदे माल, ई-वे बिल और अन्य दस्तावेजों का मिलान कर रही हैं। विभाग ने कारोबारियों और ट्रांसपोर्टरों को ई-वे बिल में माल की वास्तविक मात्रा, मूल्य और परिवहन संबंधी सही विवरण दर्ज करने की हिदायत दी है। नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Comment List