एसएमएस अस्पताल में रोबोटिक तकनीक से किया जटिल ऑपरेशन : डॉ. अमित गोयल के मार्गदर्शन में मिली सफलता, सांस लेने में तकलीफ से ग्रसित था मरीज
एसएमएस अस्पताल: 110 किलो के मरीज की सफल रोबोटिक सर्जरी
एसएमएस अस्पताल में 57 वर्षीय व्यक्ति की रोबोटिक सर्जरी। 3 माह से सांस लेने में तकलीफ थी। लगातार आ रही थी खांसी। जांचें में उन्हें डायाफ्रामेटिक इवेंट्रेशन की समस्या मिली। मरीज का वजन 110 किलोग्राम होने के कारण ओपन विधि या सामान्य लेप्रोस्कोपिक तकनीक से सर्जरी करना था चुनौतीपूर्ण। डॉ. प्रभा ओम के मार्गदर्शन में सर्जन डॉ. अमित गोयल द्वारा रोबोटिक तकनीक से किया ऑपरेशन।
जयपुर। सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल में रोबोटिक सर्जरी की सहायता से एक जटिल ऑपरेशन को सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। 57 वर्षीय जयपुर निवासी, जो स्वयं नर्सिंग सुपरिटेंडेंट हैं, पिछले तीन माह से सांस लेने में तकलीफ से ग्रसित थे। उन्हें लगातार खांसी की शिकायत रहती थी और थोड़ी दूरी चलने पर भी सांस फूलने लगती थी। मरीज ने एसएमएस अस्पताल के सर्जरी विभाग में प्रोफेसर डॉ. अमित गोयल से परामर्श लिया। भर्ती कर आवश्यक जांचें की गईं, जिनमें पाया गया कि उन्हें डायाफ्रामेटिक इवेंट्रेशन की समस्या है, जिसके लिए ऑपरेशन आवश्यक था।
मरीज का वजन अत्यधिक (110 किलोग्राम) होने के कारण पारंपरिक (ओपन) विधि या सामान्य लेप्रोस्कोपिक तकनीक से सर्जरी करना चुनौतीपूर्ण था। इसलिए यूनिट प्रभारी डॉ. प्रभा ओम के मार्गदर्शन में सर्जन डॉ. अमित गोयल द्वारा रोबोटिक तकनीक से ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन के दौरान मरीज को न्यून रक्तस्राव हुआ। सर्जरी के बाद दर्द भी अपेक्षाकृत कम रहा तथा रिकवरी शीघ्र हुई। इस प्रकार नई रोबोटिक तकनीक की सहायता से एक जटिल ऑपरेशन को सफलतापूर्वक संपन्न किया गया।
इस ऑपरेशन में डॉ. अमित गोयल, डॉ. प्रवीण जोशी, रेजिडेंट डॉ. गानवी, डॉ. रजत, डॉ. कविता, डॉ. गरिमा, डॉ. जय एवं डॉ. सिद्धार्थ का सहयोग रहा। एनेस्थीसिया विभाग से प्रोफेसर डॉ. सुशील भाटी, डॉ. इंदु वर्मा एवं डॉ. सुनील चौहान ने सहयोग दिया। नर्सिंग स्टाफ में सुनील सहित अन्य कर्मियों का विशेष योगदान रहा।

Comment List