जयपुर रेंज में अपराध पर शिकंजा: 29 हजार गिरफ्तार, हत्या के मामलों में 450 की कमी
‘गूगल पर एक्सीडेंट हॉटस्पॉट’ की पहल प्रदेशभर में हो सकती है लागू
जयपुर। जयपुर रेंज में अपराध और कानून-व्यवस्था की स्थिति की सोमवार को उच्चस्तरीय समीक्षा की गई। डीजीपी राजीव शर्मा की अध्यक्षता में जयपुर रेंज कार्यालय में हुई बैठक में रेंज के सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों से अपराध नियंत्रण, लंबित प्रकरणों के निस्तारण और कानून-व्यवस्था को लेकर फीडबैक लिया गया। बैठक में पुलिस महानिदेशक कानून-व्यवस्था संजय अग्रवाल, पुलिस महानिदेशक यातायात मालिनी अग्रवाल, एडीजी एजीटीएफ दिनेश एमएन, रेंज प्रभारी राहुल प्रकाश सहित जयपुर रेंज के सभी जिलों के पुलिस अधीक्षक मौजूद रहे। महानिरीक्षक पुलिस जयपुर रेंज राहुल प्रकाश ने बताया कि 2026 में रेंज के सभी जिलों में बीएनएस के तहत दर्ज अपराधों में करीब 450 प्रकरणों की कमी आई है। मादक पदार्थों के खिलाफ 796 मामले दर्ज किए जो पिछले वर्ष की तुलना में करीब 113 प्रतिशत अधिक हैं। आर्म्स एक्ट के तहत भी 456 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। संपत्ति संबंधी अपराधों में भी करीब 500 मामलों की कमी दर्ज की गई। अभियान के दौरान रेंज में करीब 2691 स्थाई वारंटियों, 1250 इनामी अपराधियों और 328 भगोड़ों को गिरफ्तार किया गया।
प्रदेश में हो सकते हैं लागू :
डीजीपी शर्मा ने जयपुर रेंज कार्यालय में लगाई गई सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि जयपुर रेंज में लेन सिस्टम अच्छा प्रयास है। गूगल पर एक्सीडेंट के हॉटस्पॉट जोड़कर वाहन चालक को पहले से संभावित दुर्घटना क्षेत्र की जानकारी की बीप अलर्ट से देने की पहल जयपुर रेंज ने की। समीक्षा के बाद इसे पूरे प्रदेश में लागू करने कर दिया जाएगा।
यातायात नियम तोड़ने वालों पर भी कार्रवाई :
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के करीब 12 लाख चालान किए गए। झूठे मुकदमे दर्ज कराने वाले करीब 1100 लोगों के खिलाफ न्यायालयों में इस्तगासे पेश किए। एरिया डोमिनेशन के तहत 29 हजार लोगों को गिरफ्तार किया।

Comment List