आरसीए में क्रिकेट या मजाक : वोटर लिस्ट का विवाद कोर्ट में, मैदान पर 3 नए जिलों की एंट्री
36 टीमें, 54 मैच, 5 दिन में निपट जाएगा पूरा टूर्नामेंट
जयपुर। राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (आरसीए) की वोटर लिस्ट में तीन नए जिलों को शामिल करने का विवाद अभी अदालत में लंबित है, लेकिन आरसीए ने इन्हीं तीन जिलों की टीमों को शनिवार से शुरू हो रही अंडर-23 स्टेट चैंपियनशिप में उतार दिया है। डीडवाना-कुचामन, बालोतरा और खैरथल-तिजारा पहली बार आरसीए की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में खेलेंगे। सवाल यह है कि जिन जिलों ने अब तक न कोई जिला चैंपियनशिप कराई, न उनके रजिस्टर्ड खिलाड़ियों का आधार सामने आया, उनकी टीमें दो दिन में कैसे तैयार होंगी। तीनों जिलों की आरसीए सदस्यता और वोटर लिस्ट में शामिल किए जाने का मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच चुका है। सुप्रीम कोर्ट ने आरसीए चुनाव के परिणाम घोषित करने पर रोक लगाई है और मामले की आगे सुनवाई राजस्थान हाई कोर्ट में होनी है।
पहले तीन टूर्नामेंट में नहीं थे, अब अंडर-23 में सीधे एंट्री :
मामले को इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि इसी सत्र में सीनियर काल्विन शील्ड, अंडर-19 डूंगरपुर शील्ड और महिला अंडर-19 प्रतियोगिताएं हो चुकी हैं। इनमें नए जिलों की टीमें नहीं थीं। अब अचानक अंडर-23 में इनकी एंट्री हुई है।
पांच दिन में 54 मैच, लेकिन चैंपियन कौन ?
इस प्रतियोगिता का कार्यक्रम भी कम दिलचस्प नहीं है। 3 से 7 अक्टूबर तक सिर्फ पांच दिन में 36 टीमों के बीच 54 लीग मैच खेले जाएंगे। टीमों को चार-चार के नौ ग्रुप में बांटा गया है। हर ग्रुप में छह लीग मैच होंगे। लेकिन आरसीए ने नॉकआउट चरण का कार्यक्रम जारी नहीं किया है। यानी चैंपियन का फैसला ही नहीं होगा।
कैंप और प्रैक्टिस मैच भी नहीं :
राजस्थान को बीसीसीआई अंडर-23 टूनार्मेंट में पहला मुकाबला 12 अक्टूबर को हिमाचल प्रदेश में खेलना है। राज्य प्रतियोगिता का अंतिम मैच 7 अक्टूबर को होगा। 8 अक्टूबर को राजस्थान टीम का चयन होगा और अगले ही दिन, 9 अक्टूबर को टीम हिमाचल रवाना हो जाएगी। यानी खिलाड़ियों के पास तैयारी करने के लिए कोई समय नहीं होगा। अंडर-23 टीम के लिए कैंप और अभ्यास मैच भी नहीं होंगे।

Comment List