कलक्टर की रोक के बावजूद खोदी सड़क : लगा लंबा जाम, एंबुलेंस और आम वाहन चालक भी फंसे
यातायात जाम की समस्या होने लगी
जयपुर। मानसून के दौरान सड़कों की खुदाई को लेकर जिला कलक्टर की 15 जून के बाद रोक लगाने के बाद भी शहर में सड़कों की खुदाई का काम जेडीए सहित विभिन्न एजेंसियों की ओर से किया जा रहा है। इससे हादसों की संभावनाओं के साथ ही यातायात जाम की समस्या होने लगी है। जेडीए जोन 12 क्षेत्र में सड़क खोदने का मामला सामने आया है। कालवाड़ रोड से जयपुर शहर को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर हाथोज से गोविंदपुरा तक एक तरफ का पूरा मार्ग खोद दिया गया, जिससे यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।
क्षतिग्रस्त सड़क के चलते सुबह और शाम के व्यस्त समय में इस मार्ग पर करीब 4 से 5 किलोमीटर लंबा जाम लग रहा है। वाहन चालकों के साथ-साथ मरीजों को लेकर जा रही एंबुलेंस भी जाम में फंस रही हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण एजेंसी ने सड़क को जगह-जगह खोदकर छोड़ दिया है। इसको लेकर जेडीए को ज्ञापन भी सौंपा है।

Comment List