हाईकोर्ट परिसर में विवाद : डॉक्टर पक्ष से मारपीट, वकील ने धमकी देने का दर्ज कराया मामला
जान से मारने की धमकी दी और 50 लाख रुपए की मांग
हाईकोर्ट में निविक हॉस्पिटल संचालक डॉ. सोमदेव बंसल से जुड़े मामले ने नया मोड़ ले लिया। एक ओर डॉ. बंसल के परिजनों ने वकीलों पर मारपीट और धमकी देने के आरोप लगाए हैं, वहीं दूसरी ओर अधिवक्ता जितेन्द्र शर्मा ने डॉक्टर के परिवार पर केस वापस लेने और झूठी गवाही के लिए दबाव बनाने का मामला दर्ज।
जयपुर। हाईकोर्ट में निविक हॉस्पिटल संचालक डॉ. सोमदेव बंसल से जुड़े मामले ने नया मोड़ ले लिया है। एक ओर डॉ. बंसल के परिजनों ने वकीलों पर मारपीट और धमकी देने के आरोप लगाए हैं, वहीं दूसरी ओर अधिवक्ता जितेन्द्र शर्मा ने डॉक्टर के परिवार पर केस वापस लेने और झूठी गवाही के लिए दबाव बनाने का मामला दर्ज कराया है। डॉ. सोमदेव बंसल के भाई सतीश बंसल ने अशोक नगर थाने में दर्ज रिपोर्ट में आरोप लगाया कि गुरुवार को हाईकोर्ट में जमानत याचिका पर सुनवाई के बाद वे अपने 70 वर्षीय पिता जगदीश प्रसाद बंसल के साथ बाहर निकल रहे थे।
इस दौरान 15-20 वकीलों ने उन्हें घेरकर मारपीट की, जान से मारने की धमकी दी और 50 लाख रुपए की मांग कर न्यायिक प्रक्रिया प्रभावित करने का प्रयास किया। शिकायत में एडवोकेट जितेंद्र शर्मा सहित अन्य लोगों के नाम शामिल हैं। निजी अस्पतालों से जुड़े चिकित्सकों ने अशोक नगर थाने पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। वहीं वैशाली नगर निवासी अधिवक्ता जितेन्द्र शर्मा ने भी आरोप लगाया कि डॉ. सोनदेव बंसल के पिता जगदीश बंसल, भाई सतीश व प्रदीप बंसल सहित अन्य लोगों ने उन पर केस वापस लेने, झूठी गवाही देने और मुकदमे की पैरवी नहीं करने का दबाव बनाया।

Comment List