समर्पित अवकाश के नगद भुगतान में देरी पर कर्मचारियों में नाराजगी, सरकार से जल्द निर्णय की मांग
मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर कर्मचारियों की समस्याओं से अवगत कराया
प्रांतीय नल मजदूर यूनियन (इंटक) राजस्थान ने राज्य सरकार से कर्मचारियों को समर्पित अवकाश के बदले नगद भुगतान शीघ्र जारी करने की मांग की। यूनियन नेताओं ने कहा कि अप्रैल समाप्त होने के बावजूद भुगतान लंबित।
जयपुर। प्रांतीय नल मजदूर यूनियन (इंटक) राजस्थान ने राज्य सरकार से कर्मचारियों को समर्पित अवकाश (Surrender Leave) के बदले नगद भुगतान की सुविधा शीघ्र जारी करने की मांग की है। यूनियन ने इस संबंध में मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर कर्मचारियों की समस्याओं से अवगत कराया। यूनियन प्रदेशाध्यक्ष संजय सिंह शेखावत, कार्यवाहक प्रदेशाध्यक्ष बाबूलाल शर्मा एवं जिला अध्यक्ष ताराचंद सैनी ने बताया कि राज्य सरकार हर वर्ष कर्मचारियों को समर्पित अवकाश के बदले नगद भुगतान की सुविधा प्रदान करती रही है, जो कर्मचारियों के लिए आर्थिक सहायता का महत्वपूर्ण माध्यम है। लेकिन इस वर्ष अप्रैल माह समाप्त होने के बावजूद अब तक भुगतान स्वीकृत नहीं होने से कर्मचारियों में असंतोष और चिंता का माहौल बना हुआ है।
यूनियन नेताओं ने कहा कि कई कर्मचारी कठिन परिस्थितियों में लगातार कार्य करते हुए अवकाश का उपयोग नहीं कर पाते, जिससे उनकी अर्जित छुट्टियां समाप्त हो जाती हैं। ऐसे में समर्पित अवकाश के बदले मिलने वाला नगद भुगतान उनका वैधानिक अधिकार है, जिसे रोका जाना उचित नहीं है। यूनियन ने सरकार से मांग की है कि भुगतान तत्काल जारी किया जाए तथा भविष्य में देरी रोकने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। साथ ही चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर राज्यभर में चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।

Comment List