जयपुर की 597 ग्राम पंचायतों में चुनाव की तैयारी तेज, 2094 बूथों के लिए 10,230 ईवीएम यूनिट का रेंडमाइजेशन
16 अक्टूबर को होगा दूसरा रेंडमाइजेशन
जयपुर। पंचायती राज आम चुनाव-2026 को लेकर जयपुर जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। मंगलवार को जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक के निर्देशन में जिले की सभी 22 पंचायत समितियों के लिए ईवीएम मशीनों का प्रथम रेंडमाइजेशन किया गया। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रक्रिया के दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर चतुर्थ आशीष कुमार, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चुनाव प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए यह रेंडमाइजेशन किया गया है। इसके तहत जिले की 597 ग्राम पंचायतों के 2094 मतदान बूथों के लिए 5115 बैलेट यूनिट और इतनी ही 5115 कंट्रोल यूनिट का रेंडमाइजेशन किया गया।
उन्होंने बताया कि ईवीएम आवंटन की प्रक्रिया के तहत दूसरा रेंडमाइजेशन 16 अक्टूबर 2026 को होगा। इसमें निर्धारित किया जाएगा कि चुनाव के दौरान किस मतदान बूथ पर कौनसी ईवीएम मशीन का उपयोग किया जाएगा।
प्रशासन का उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के साथ मशीनों का निष्पक्ष आवंटन करना है। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में रेंडमाइजेशन होने से चुनावी तैयारियों की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने पर जोर दिया गया।

Comment List