एसीएस से महासंघ प्रतिनिधिमंडल की वार्ता, शिक्षकों की विभिन्न मांगों पर हुई चर्चा
विभिन्न प्रकार की वसूली रोकने और पे-प्रोटेक्शन देने पर चर्चा
जयपुर। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ राजस्थान विद्यालय शिक्षा के प्रतिनिधिमंडल की मुख्यमंत्री कार्यालय में अतिरिक्त मुख्य सचिव अखिल अरोड़ा के साथ वार्ता हुई। प्रदेश अध्यक्ष रमेश चंद्र पुष्करणा के नेतृत्व में हुई बैठक में शिक्षकों से जुड़े विभिन्न लंबित मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। महासंघ के महामंत्री महेंद्र लखारा ने बताया कि वार्ता में शिक्षा विभाग में स्टाफिंग पैटर्न लागू कर समानुपात के आधार पर शिक्षकों की नियुक्ति, 33 हजार संविदा शिक्षकों को प्रबोधकों की तर्ज पर नियमित करने तथा टीएसपी क्षेत्र में कार्यरत तृतीय एवं द्वितीय श्रेणी शिक्षकों के समायोजन सहित स्थानांतरण संबंधी मांगें रखी गईं।
नॉन-टीएसपी क्षेत्र में कार्यरत शिक्षकों को गृह जिलों में स्थानांतरण का मुद्दा भी उठाया गया। इसके अलावा शिक्षक कल्याण बोर्ड के गठन का प्रस्ताव सरकार को भेजने, 31 दिसंबर के बाद नियुक्त शिक्षकों को न्यायालय के निर्णयानुसार प्रथम नियुक्ति तिथि से ग्रीष्मावकाश सहित समस्त परिलाभ देने, शहरी मकान किराया भत्ता की वसूली रोकने तथा सेवारत शिक्षकों को बीएड इंटर्नशिप अवधि का पूर्ण वेतन देने की मांग की गई। शिक्षकों से विभिन्न प्रकार की वसूली रोकने और पे-प्रोटेक्शन देने पर भी चर्चा हुई। एसीएस ने मांगों पर श्रद्धापूर्वक विचार करने की सहमति जताई। प्रतिनिधिमंडल में अतिरिक्त महामंत्री बसंत जिन्दल और प्रदेश कोषाध्यक्ष कैलाश कच्छावा भी शामिल रहे।

Comment List