जयपुर में अज्ञात बदमाशों ने की युवक पर फायरिंग : गोली चलाकर बदमाश फरार, नाकाबंदी कर संदिग्धों की तलाश में जुटी पुलिस
वारदात में शामिल बदमाश तीन वाहनों में सवार थे
कालवाड़-बिंदायका इलाके में अज्ञात बदमाशों ने सिरसी निवासी कमल मीणा पर हाथोज फाटक के पास फायरिंग। हमलावर तीन वाहनों में आए और मौके से फरार। बिंदायका थाना पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की तलाश शुरू। मामले की जांच जारी।
जयपुर। कालवाड़-बिंदायका इलाके में एक युवक पर अज्ञात बदमाशों ने फायरिंग कर दी। घटना हाथोज फाटक के पास की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, सिरसी निवासी कमल मीणा पर बदमाशों ने गोली चलाई और मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही बिंदायका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके में कड़ी नाकाबंदी कर दी गई। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध वाहनों और लोगों की तलाश कर रही है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार वारदात में शामिल बदमाश तीन वाहनों में सवार थे। इनमें एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो (MP 07 ZW 5113), एक बिना नंबर की काली थार और एक स्विफ्ट (4265) बताई जा रही है। इन वाहनों से ही हाथोज फाटक के पास फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया। यातायात पश्चिम क्षेत्र को अलर्ट कर दिया गया है।
पुलिस ने निर्देश दिए हैं कि यदि ये वाहन कहीं दिखाई दें, तो सावधानीपूर्वक रुकवाकर तुरंत कंट्रोल रूम को सूचना दी जाए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश जारी है। एसीपी बगरू हेमेंद्र शर्मा ने बताया कि फायरिंग करने की घटना की पुष्टि की जा रही है। कमल सिरसी के गाड़ी का पीछा कर उसे पर कुछ लोगों ने हमला किया था। मामले की जांच जारी है।

Comment List