दिल्ली में तेज बारिश से बिगड़ा फ्लाइट संचालन, तीन विमान जयपुर डायवर्ट
तीनों विमान जयपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षित पहुंचे
जयपुर। दिल्ली में तेज बारिश के चलते हवाई यातायात प्रभावित हो गया। खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंडिंग के लिए पहुंची तीन फ्लाइट्स को वहां उतरने की अनुमति नहीं मिल सकी। इसके बाद तीनों फ्लाइट्स को डायवर्ट कर जयपुर एयरपोर्ट भेजा गया।
जानकारी के अनुसार, डायवर्ट होने वाली फ्लाइट्स में इंडिगो की दो और एयर इंडिया की एक फ्लाइट शामिल है। इंडिगो की बेंगलूरु से दिल्ली और पूर्णिया से दिल्ली आने वाली फ्लाइट्स दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड नहीं कर सकीं। वहीं, एयर इंडिया की श्रीनगर से दिल्ली आने वाली फ्लाइट को भी जयपुर डायवर्ट किया गया। तीनों विमान जयपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षित पहुंचे। यहां यात्रियों को विमान के अंदर ही रखा गया और दिल्ली में मौसम एवं एयर ट्रैफिक की स्थिति सामान्य होने का इंतजार किया गया। दिल्ली एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से क्लीयरेंस मिलने के बाद तीनों फ्लाइट्स को जयपुर से दोबारा दिल्ली के लिए रवाना किया जाएगा। खराब मौसम के कारण दिल्ली आने वाली अन्य उड़ानों के संचालन पर भी असर पड़ने की संभावना है।

Comment List