जयपुर से लापता चार मासूम कुशीनगर में मिले, अयोध्या घूमने निकले थे बच्चे
बच्चे घर से बिना बताए घूमने के लिए निकले थे
जयपुर। मुहाना थाना क्षेत्र से लापता हुए एक ही परिवार के चार बच्चों को पुलिस ने करीब दो दिन की तलाश के बाद सकुशल ढूंढ निकाला। चारों बच्चे उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में मिले हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बच्चे घर से बिना बताए घूमने के लिए निकले थे और ट्रेन व बस से सफर करते हुए अयोध्या पहुंचने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए उन्हें सुरक्षित बरामद कर लिया। जानकारी के अनुसार अनिरुद्ध साहनी की बेटियां अंशिका (13) और आराध्या (9) के साथ पप्पू साहनी की बेटी सलोनी (11) तथा बेटा सचिन (8) सोमवार दोपहर घर से निकल गए थे। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर मुहाना थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। पुलिस ने शहरभर के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें बच्चे मालपुरा गेट क्षेत्र तक जाते दिखाई दिए। जांच के दौरान पता चला कि बच्चे घर से गुल्लक तोड़कर करीब 500 से 700 रुपए साथ ले गए थे।
वे ट्रेन से सुल्तानपुर पहुंचे और वहां से रोडवेज बस में बैठकर अयोध्या के लिए रवाना हो गए। पुलिस को मिले इनपुट के आधार पर रोडवेज बस चालक से संपर्क किया गया। इसके बाद बच्चों को सुरक्षित रोककर वहां रहने वाले रिश्तेदार के सुपुर्द किया गया। पुलिस की एक टीम बच्चों के पिता के साथ उन्हें वापस जयपुर लाने के लिए रवाना कर दी गई है। बच्चों के सकुशल मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली है।

Comment List