गलतागेट पुलिस की वाहन चोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई : 17 मोटरसाइकिल बरामद, जानें पूरा मामला
अनुमानित बाजार कीमत करीब 24 लाख रुपये
जयपुर। गलतागेट थाना पुलिस ने वाहन चोरी की वारदातों का पर्दाफाश करते हुए संगठित गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की कुल 17 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 24 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई अपाचे मोटरसाइकिल भी जब्त की है। पुलिस उपायुक्त उत्तर करण शर्मा ने बताया कि 8 सितंबर 2026 की रात सुन्दर नगर मीणा पेट्रोल पंप के पास भारत क्लिनिक से मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। इस संबंध में गलतागेट थाने में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना के खुलासे के लिए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक कुमार सिंघल के सुपरविजन और सहायक पुलिस आयुक्त शिवरतन गोदारा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास के करीब 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद अखिलेश मीणा, उस्मान उर्फ मुन्ना और निशान्त उपाध्याय उर्फ नक्की को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद करने के साथ अन्य थाना क्षेत्रों से चोरी की गई 15 संदिग्ध मोटरसाइकिलें भी जब्त की गईं। पुलिस के अनुसार, अखिलेश मीणा गिरोह का मुख्य आरोपी है। आरोपी दिन में मोटरसाइकिलों की रैकी करते और रात में नई मोटरसाइकिलों को निशाना बनाते थे। लॉक तोड़ने के लिए मास्टर चाबी (एलंकी) का इस्तेमाल किया जाता था।

Comment List