वनरक्षक भर्ती परीक्षा फर्जीवाड़े में 10 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार, डमी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने में निभाई थी अहम भूमिका
दिनेश कुमार को पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका
जयपुर। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से आयोजित वनरक्षक भर्ती परीक्षा-2022 में फर्जीवाड़े के मामले में एसओजी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी सौरभ मीणा उर्फ टिंकू मीणा को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर मूल अभ्यर्थी भारत मीणा की जगह डमी अभ्यर्थी से परीक्षा दिलवाने में मध्यस्थता करने और उसे परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने का आरोप है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी के बाद एसओजी अब पूरे नेटवर्क और इस फर्जीवाड़े में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच में जुटी है। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस एसओजी विशाल बंसल ने बताया कि वनरक्षक भर्ती परीक्षा-2022 में अनियमितताओं को लेकर एसओजी थाने में प्रकरण संख्या 48/2025 दर्ज किया गया था। अनुसंधान में सामने आया कि भरतपुर जिले के निठार निवासी भारत मीणा के स्थान पर जालौर जिले के सांचौर निवासी दिनेश कुमार विश्नोई ने डमी अभ्यर्थी बनकर परीक्षा दी थी।
दिनेश कुमार को पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच में खुलासा हुआ कि सौरभ मीणा उर्फ टिंकू ने जयपुर के जगतपुरा से डमी अभ्यर्थी दिनेश कुमार विश्नोई को निजी टैक्सी में बैठाकर भरतपुर स्थित परीक्षा केंद्र तक पहुंचाया था। इसके बाद भारत मीणा के स्थान पर उससे परीक्षा दिलवाई गई। बताया गया है कि सौरभ मीणा और मूल अभ्यर्थी भारत मीणा एक ही परिवार से संबंधित हैं। सौरभ की डमी अभ्यर्थी दिनेश कुमार से भी लगातार बातचीत होती थी।

Comment List