अमेरिका: मिसिसिपी तट के समीप विमान दुर्घटनाग्रस्त, 6 लोगों की दर्दनाक मौत
8,800 फीट की ऊंचाई से अचानक गिरा नीचे
मिसिसिपी। अमेरिका में मिसिसिपी तट के समीप मैक्सिको की खाड़ी में एक छोटे विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से उसमें सवार छह लोगों की मौत हो गई है। मरने वालों में आठ एवं 10 वर्षीय दो बच्चे भी शामिल हैं। यह जानकारी अमेरिकी तटरक्षक बल ने बुधवार को दी। सेसना 210 विमान, मिसिसिपी के पास्कागौला एवं गल्फ आइलैंड्स नेशनल सीशोर के बीच हॉर्न आइलैंड के उत्तर-पूर्व में मंगलवार को पानी में गिर गया। इसमें चार वयस्क और दो लड़के सवार थे। अमेरिकी तटरक्षक बल ने बताया कि हॉर्न आइलैंड के उत्तर-पूर्व में पानी में गिरे विमान में सवार सभी छह लोगों के अवशेष मिल चुके हैं।
एजेंसी ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि लगभग चार घंटे तक खोज अभियान चला और मिसिसिपी समुद्री संसाधन विभाग (एमडीएमआर) के गोताखोरों ने विमान संरचना के भीतर सभी छह लोगों के अवशेष ढूंढ निकाले। सीएनएन ने तटरक्षक बल के खोज एवं बचाव अभियान समन्वयक, कमांडर ट्रेवर ब्लाउंट के हवाले से कहा, यह बहुत दुखद परिणाम है और हमारी गहरी संवेदनाएं उन परिवारों एवं प्रियजनों के साथ हैं जो इस असहनीय क्षति का सामना कर रहे हैं।
उन्होंने पीड़ितों का पता लगाने में मदद करने के लिए विभिन्न एजेंसियों के प्रति आभार व्यक्त किया। मंगलवार को लगभग 3:45 बजे अलबामा में हवाई यातायात नियंत्रक का विमान से संपर्क टूट गया जिसके बाद अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई। विमान-ट्रैकिंग डेटा से पता चला कि विमान लुइसियाना के न्यू ऑरलियन्स से फ्लोरिडा के फोर्ट मायर्स जा रहा था। फ्लाइटराडार24 के अनुसार, विमान लगभग 8,800 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था तभी अचानक पास्कागौला के दक्षिण में पानी की ओर नीचे गिरने लगा।
ट्रैकिंग डेटा से पता चला है कि संपर्क टूटने से कुछ ही समय पहले विमान लगभग 18,000 फीट प्रति मिनट की खतरनाक दर से नीचे गिर रहा था जो 200 मील प्रति घंटे से भी अधिक गति थी। इससे पहले की एक रिपोर्ट में नीचे आने की दर 10,000 फीट प्रति मिनट बताई गई थी। खोज अभियान के दौरान, बचाव दलों को शुरुआत में पानी पर तैरती हुई तीन लाइफ जैकेट, एक लाइफ राफ्ट और विमान के केबिन का एक हिस्सा मिला। संघीय विमानन प्रशासन (एफएए) और राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड (एनटीएसबी) इस दुर्घटना की जांच करेंगे जिसमें एनटीएसबी मुख्य भूमिका निभाएगा।
हॉर्न आइलैंड एक दूर-दराज इलाके का अविकसित बैरियर आइलैंड है जो मिसिसिपी के बिलोक्सी से लगभग 12 नॉटिकल मील दूर स्थित है। यहां केवल निजी नाव से ही पहुंचा जा सकता है। हादसे के कारणों का अभी तक पता नहीं चला है और अधिकारियों ने पीड़ितों की पहचान भी उजागर नहीं की है। मामले की जांच जारी है।

Comment List