त्रिपुरा में भीषण हादसा: बम बनाने के दौरान हुए विस्फोट में भाजयुमो नेता घायल, पुलिस ने घटना पर साधी चुप्पी
अमताली के निजी अस्पताल में चल रहा घायल नेता का इलाज
अगरतला। त्रिपुरा के सिपाहीजाला जिले के अशांत इलाके बिशलगढ़ में 27 नवंबर को होने वाले अहम निकाय चुनावों से पहले बम बनाने की कोशिश के दौरान हुए एक विस्फोट में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) का एक नेता गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना के बाद जिले में फिर से तनाव फैल गया है। विपक्षी दल मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ने आरोप लगाया है कि इस घटना से सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की साजिश का पर्दाफाश हो गया है।
माकपा का कहना है कि भाजपा को पता है कि वह निष्पक्ष चुनाव नहीं जीत सकती, इसलिए वह असामाजिक तत्वों के जरिए चुनाव प्रक्रिया में दहशत फैलाना चाहती है।घायल युवा नेता की पहचान दीपनील सरकार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि 23 नवंबर की रात मुराबारी इलाके में भाजपा की एक प्रभावशाली महिला नेता के घर पर वह बम बना रहा था, तभी यह विस्फोट हो गया। घटना के समय घर में कई लोग मौजूद थे, लेकिन उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना नहीं दी। यह मामला तब सामने आया जब अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने इस घटना और दीपनील के घायल होने के कारणों के बारे में कुछ भी बताने से इनकार कर दिया है।
स्थानीय सूत्रों का दावा है कि रात के समय बम बनाए जा रहे थे, तभी लापरवाही के कारण एक बम फट गया, जिससे दीपनील गंभीर रूप से घायल हो गया। रिपोर्टों के मुताबिक घायल युवा नेता को पहले बिशलगढ़ अस्पताल ले जाया गया, और बाद में इलाज के लिए शहर के अमताली इलाके के एक निजी अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया।

Comment List