गहलोत की मांग : पेट्रोल-डीजल पर वैट और रोड सेस में कमी करे राजस्थान सरकार, जनता को मिले कमरतोड़ महंगाई से कुछ राहत
महंगाई बढ़ने गरीब और मध्यम वर्ग का जीना दूभर
भजनलाल सरकार से पेट्रोल-डीजल पर वैट और रोड सेस घटाने की मांग की। गहलोत बोले, बढ़ती कीमतों से आमजन, किसान और मध्यम वर्ग पर भारी बोझ बढ़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि महंगे ईंधन से सरकार को अतिरिक्त राजस्व मिल रहा है, जबकि पड़ोसी राज्यों के मुकाबले राजस्थान में वैट ज्यादा है।
जयपुर। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने राज्य सरकार से पेट्रोल-डीजल पर वैट और रोड सेस में कमी करने की मांग की है। गहलोत ने शनिवार को सोशल मीडिया के माध्यम से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से यह मांग करते हुए कहा कि राज्य सरकार पेट्रोल-डीजल पर वैट और रोड सेस में तुरंत कमी करे, ताकि प्रदेश की जनता को इस कमरतोड़ महंगाई से कुछ राहत मिल सके।
उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल महंगा होने से राजस्थान सरकार को फायदा हो रहा है। भाजपा सरकार अपना वैट कम कर आमजन को राहत दे। पेट्रोल-डीजल के दामों में लगातार हो रही वृद्धि से आमजन की जेब पर भारी बोझ पड़ रहा है। मालभाड़ा बढ़ने के कारण रोजमर्रा की हर वस्तु महंगी हो गई है, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग का जीना दूभर हो गया है।
गहलोत ने कहा कि डीजल महंगा होने का सीधा और सबसे बड़ा नुकसान हमारे अन्नदाता किसानों को हो रहा है, जिससे उनकी कृषि लागत बढ़ गई है। पेट्रोल-डीजल महंगा होने पर राज्य सरकार का वैट स्वत: ही बढ़ जाता है, जिससे सरकार को अतिरिक्त राजस्व मिलता है। विपक्ष में रहते हुए भाजपा वैट को लेकर लगातार सवाल उठाती थी लेकिन आज भी राजस्थान में वैट पड़ोसी राज्यों हरियाणा एवं गुजरात के मुकाबले कहीं अधिक है। राज्य सरकार को अपना मुनाफा छोड़कर आमजन के हित में सोचना चाहिए।

Comment List