अंगूठियां देखने के बहाने 20 लाख की ज्वेलरी लेकर भागी युवती,कर्मचारी ने 500 मीटर पीछा कर पकड़ा
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई घटना
जयपुर। झोटवाड़ा थाना इलाके में निवारू रोड स्थित एक ज्वेलरी शॉप पर गहने खरीदने पहुंची युवती 20 लाख रुपए कीमत की 25 सोने की अंगूठियों से भरा बॉक्स लेकर भाग गई। युवती को भागते देख दुकान के कर्मचारियों ने करीब 500 मीटर तक पीछा कर उसे पकड़ लिया और बाद में ज्वेलर उसे थाने ले गए। सीसीटीवी फुटेज में सामने आया कि युवती ने पहले दुकान कर्मचारी से अंगूठियां देखने के लिए बॉक्स खुलवाया।
वह काफी देर तक अंगूठियों को देखती रही। इसी दौरान उसके मोबाइल पर एक कॉल आया। कॉल कटने के बाद युवती ने मौका पाकर अंगूठियों से भरा बॉक्स उठाया और दुकान से बाहर भाग गई। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने युवती से पूछताछ की। इस दौरान पता चला कि वह कई दिन पहले अपने घर से निकल गई थी। मां ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी मंदबुद्धि है। ज्वेलर ने घटना के संबंध में पुलिस को एफआईआर नहीं दी। पुलिस ने युवती को उसकी मां को सौंप दिया।

Comment List