कोटा एक्सप्रेसवे हादसे पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने जताया शोक, घायलों के उपचार के निर्देश
कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना
जयपुर। कोटा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे पर राज्यपाल हरिभाऊ बागडे और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गहरा शोक व्यक्त किया है। हादसे में हुई जनहानि पर दोनों ने दुःख जताते हुए दिवंगतों की आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने हादसे को लेकर संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करने तथा उनके परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति देने की कामना की। उन्होंने दुर्घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी प्रार्थना की। वहीं, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि कोटा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भोपाल से खाटूश्यामजी जा रही मिनी बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से हुई जनहानि का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार और प्रभावित लोगों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिजनों को दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। साथ ही उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

Comment List