ज्ञान आश्रम पुलिया 6 माह बंद, बदले रास्ते से गुजरेंगे वाहन
20 सितम्बर से शुरू होगा विकास कार्य
जयपुर। जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) की ओर से ज्ञान आश्रम पुलिया पर प्रस्तावित विकास कार्य के चलते यहां से गुजरने वाला यातायात 20 सितम्बर से पूरी तरह बंद रहेगा। यह व्यवस्था करीब छह माह तक लागू रहेगी। ऐसे में गुर्जर की थड़ी और शिप्रा पथ के बीच आवागमन करने वाले वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करना होगा।
जेडीए प्रशासन के अनुसार गुर्जर की थड़ी से शिप्रा पथ की ओर जाने वाले वाहन गंगा-जमुना पेट्रोल पंप मार्ग अथवा रिद्धि-सिद्धि मॉडर्न स्कूल मार्ग से आवागमन कर सकेंगे। इसी प्रकार शिप्रा पथ से गुर्जर की थड़ी की ओर जाने वाले वाहन भी इन दोनों वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल कर सकेंगे।
जेडीए ने आमजन से अपील की है कि विकास कार्य के दौरान ज्ञान आश्रम पुलिया मार्ग का उपयोग नहीं करें, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे। वाहन चालकों से मौके पर लगाए जाने वाले यातायात संकेतकों और तैनात यातायात कर्मियों के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
प्राधिकरण ने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान होने वाली असुविधा को देखते हुए वाहन चालक पहले से वैकल्पिक मार्ग अपनाएं और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

Comment List