मैंने जेजेएम घोटाले में अफसरों के खिलाफ भी सबूत दिए थे : किरोड़ी
जोशी को पकड़कर इतिश्री नहीं हो
जोशी के खिलाफ सबूत थे इसलिए इसे राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से कार्रवाई नहीं कहा जा सकता।
जयपुर। जेजेएम घोटाले में पूर्व मंत्री डॉ.महेश जोशी की गिरफ्तारी के बाद ग्रामीण विकास मंत्री डॉ.किरोड़ीलाल मीणा ने ईडी से आग्रह किया है कि जिन अफसरों के खिलाफ मैंने सबूत दिए थे उनको भी पकड़ा जाए। केवल पूर्व मंत्री जोशी को पकड़कर इतिश्री नहीं की जाए। जिन अफसरों ने जेजेएम में भ्रष्टाचार किया उनको पकड़ा जाना चाहिए। आरआईसी में ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए मीणा ने कहा कि इस घोटाले में महेश जोशी ही आखिरी कड़ी नहीं हैं। ब्यूरोक्रेसी के लोग भी शामिल हैं। मैंने जेजेएम घोटाला उजागर किया था। तीन दिन तक अशोकनगर थाने पर एफआईआर दर्ज करने के लिए धरना दिया था।
एफआईआर दर्ज नहीं करके उल्टा मुझे ही गिरफ्तार कर ले गए। मुझे संतुष्टि है कि हमारी केन्द्र और राज्य सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है। देर हुई है, लेकिन अंधेर नहीं है। जोशी के खिलाफ ईडी को मैंने सबूत दिए थे, वो सही पाने पर उनकी गिरफ्तारी हुई। जोशी के खिलाफ सबूत थे इसलिए इसे राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से कार्रवाई नहीं कहा जा सकता। पूर्व सीएम अशोक गहलोत राजनीति करने के लिए भाषण दे रहे हैं। पूरा प्रदेश जानता है कि जेजेएम में घोटाले के चलते घटिया काम हुआ। फर्जी सर्टिफिकेट बनाकर टेंडर लिए गए।

Comment List