मरीजों के लिए फिर परेशानी बना आईएचएमएस सर्वर, सुबह से चल रहा डाउन
चिकित्सा सेवाएं प्रभावित हो गईं
एसएमएस अस्पताल का सर्वर फिर डाउन हो गया, जिससे ऑनलाइन पंजीकरण और जांच सेवाएं प्रभावित हुईं। मरीजों को लंबी कतारों में घंटों इंतजार करना पड़ा। लैब टेस्ट और रिपोर्टिंग रुक गई, डॉक्टरों को मैनुअल पर्चियों से काम करना पड़ा। अस्पताल प्रशासन ने तकनीकी टीम को समस्या सुधारने के लिए लगाया।
जयपुर। सवाई मान सिंह (एसएमएस) अस्पताल में एक बार फिर सर्वर डाउन हो जाने से चिकित्सा सेवाएं प्रभावित हो गईं। सुबह से ही अस्पताल की ऑनलाइन पंजीकरण प्रणाली ठप पड़ गई, जिससे मरीजों को रजिस्ट्रेशन कराने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। लंबी कतारों में खड़े मरीज और उनके परिजन घंटों इंतजार करते रहे।
सर्वर ठप होने का असर जांच सेवाओं पर भी पड़ा। लैब टेस्ट, एक्स-रे और अन्य जांचों की ऑनलाइन एंट्री नहीं हो सकी, जिससे रिपोर्ट जारी करने में देरी हुई। कई विभागों में डॉक्टरों को मैनुअल पर्चियां बनाकर काम चलाना पड़ा। अस्पताल प्रशासन के अनुसार तकनीकी टीम को समस्या दूर करने के लिए लगा दिया गया है और जल्द ही सर्वर बहाल होने की उम्मीद है।
गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से सर्वर संबंधी दिक्कतें बार-बार सामने आ रही हैं, जिससे मरीजों और स्टाफ दोनों को असुविधा झेलनी पड़ रही है।

Comment List