व्यापारियों और पुलिस प्रशासन की महत्वपूर्ण बैठक, बड़ी चौपड़ से आमेर तक फिलहाल टू-वे रहेगा मार्ग
यातायात दबाव बढ़ने पर ही लागू होगा वन-वे
जयपुर। बड़ी चौपड़ से आमेर तक यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापारियों की समस्याओं एवं मांगों के समाधान के लिए आज जयपुर व्यापार महासंघ के बैनर तले व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान सुबह से शाम तक बंद रखकर शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराया। इसके पश्चात जयपुर व्यापार महासंघ के अध्यक्ष सुभाष गोयल एवं महामंत्री सुरेश सेनी के नेतृत्व में व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल की पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में बड़ी चौपड़ से आमेर तक यातायात व्यवस्था, बाजारों में व्यापारियों को हो रही परेशानियों, आवागमन को सुगम बनाने तथा स्थानीय समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में पुलिस प्रशासन एवं व्यापार मंडलों के बीच आपसी समन्वय स्थापित करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।बैठक में डीसीपी ट्रैफिक प्रवीण नायक, एडिशनल डीसीपी हरिप्रसाद सोमानी एवं अतिरिक्त डीसीपी डॉ. हेमंत जाखड़ सहित संबंधित पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णय
बड़ी चौपड़ से आमेर तक फिलहाल टू-वे यातायात व्यवस्था रहेगी
बैठक में निर्णय लिया गया कि फिलहाल बड़ी चौपड़ से आमेर तक का मार्ग टू-वे रहेगा। इससे स्थानीय व्यापारियों, ग्राहकों, पर्यटकों एवं आमजन को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा बाजारों में व्यापारिक गतिविधियों को सुचारू बनाए रखने में मदद मिलेगी।
यातायात का दबाव बढ़ने पर ही वन-वे व्यवस्था लागू होगी
पुलिस प्रशासन द्वारा बताया गया कि यदि किसी विशेष दिन अथवा समय पर यातायात का दबाव अत्यधिक बढ़ता है, तो परिस्थितियों के अनुसार वन-वे व्यवस्था लागू की जा सकती है। ऐसी स्थिति में संबंधित व्यापार मंडलों एवं व्यापारियों को पूर्व सूचना देने का प्रयास किया जाएगा, ताकि व्यापारी एवं आमजन अपनी आवाजाही की योजना बना सकें।
सड़क पर अस्थायी अतिक्रमण रोकने में व्यापार मंडल भी निभाएंगे जिम्मेदारी
बैठक में तय किया गया कि संबंधित मार्ग पर अस्थायी अतिक्रमण नहीं होने दिया जाएगा। यातायात को बाधित करने वाली गतिविधियों पर नियंत्रण रखने के लिए पुलिस प्रशासन के साथ-साथ संबंधित व्यापार मंडल भी अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे। बाजारों में व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापार मंडलों की ओर से वॉलंटियर्स लगाए जाएंगे, जो पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय करके यातायात को सुगम बनाने में सहयोग करेंगे।
डीसीपी ट्रैफिक स्वयं पुलिस टीम के साथ करेंगे बाजार का दौरा
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि डीसीपी ट्रैफिक अपनी टीम के साथ संबंधित बाजार क्षेत्र का दौरा करेंगे। इस दौरान यातायात व्यवस्था के साथ-साथ व्यापारियों की अन्य स्थानीय समस्याओं का भी निरीक्षण किया जाएगा तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
व्यापारियों और प्रशासन के सहयोग से निकलेगा समाधान
जयपुर व्यापार महासंघ के अध्यक्ष सुभाष गोयल एवं महामंत्री सुरेश सेनी ने कहा कि जयपुर के ऐतिहासिक बाजार शहर की पहचान हैं। इन बाजारों में सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखना, ग्राहकों की पहुंच आसान करना, व्यापारियों की आजीविका सुरक्षित रखना तथा आमजन एवं पर्यटकों को राहत देना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि व्यापारियों ने अपनी समस्याओं को प्रशासन के समक्ष शांतिपूर्ण तरीके से रखा है। जयपुर व्यापार महासंघ हमेशा संवाद, सहयोग एवं सकारात्मक प्रयासों के माध्यम से समस्याओं के समाधान का पक्षधर रहा है। आज की बैठक में लिए गए निर्णय व्यापारियों और पुलिस प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
महासंघ के पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि टू-वे यातायात व्यवस्था जारी रहने, अस्थायी अतिक्रमण पर नियंत्रण तथा व्यापार मंडलों के सहयोग से बाजारों में आवागमन सुगम होगा। साथ ही, पुलिस प्रशासन द्वारा नियमित निरीक्षण किए जाने से व्यापारियों की अन्य समस्याओं का भी शीघ्र समाधान हो सकेगा।
बैठक में ये रहे उपस्थित
आज की बैठक में जयपुर व्यापार महासंघ के अध्यक्ष सुभाष गोयल, महामंत्री सुरेश सेनी, चांदी की टकसाल व्यापार मंडल के अध्यक्ष, प्रकाश सिंह, जौहरी बाजार व्यापार मंडल के अध्यक्ष अजय अग्रवाल हवा महल बाजार व्यापार मंडल चांदी के टकसाल व्यापार मंडल सुभाष चौक व्यापार मंडल और आमेर रोड व्यापार मंडल आदि के व्यापार मंडल सम्मिलित हुए सहित अन्य व्यापारिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Comment List