आसमान से बरसी लाय, प्रदेश के आधा दर्जन शहरों में तापमान 46 डिग्री के पार, जयपुर में लोगों को गर्मी से बचाने के लिए सड़कों पर हरे त्रिपाल तान दिए
25 मई से आंधी-बारिश का दौर शुरू होने से गर्मी से मिल सकती है राहत
प्रदेश में भीषण और आग उगलती गर्मी का दौर शुक्रवार को भी जारी रहा
जयपुर। प्रदेश में भीषण और आग उगलती गर्मी का दौर शुक्रवार को भी जारी रहा। अधिकांश जिलों में तापमान 45 डिग्री के आसपास या उससे ज्यादा दर्ज किया गया। सीमावर्ती जिलों में तो गर्मी ने सारे रिकॉर्ड ही तोड़ दिए हैं। शुक्रवार को जैसलमेर में देश में सबसे ज्यादा 48 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। वहीं बाड़मेर में 47.5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। ऐसे में इन दोनों जिलों में गर्मी से हाल बेहाल है। वहीं बीकानेर में 46.4, फलौदी 46.2 और वनस्थली में 46.1 डिग्री अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।
इसके साथ ही कई जिलों में तापमान 45 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया है। वहीं राजधानी जयपुर में शुक्रवार को तापमान में फिर से आंशिक बढ़ोतरी हुई और यहां अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29.6 डिग्री दर्ज किया गया। ऐसे में लगभग पूरा प्रदेश ही इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। वहीं मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार अरब सागर में बने एक साइक्लोनिक सिस्टम के कारण 25 मई से प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में आंधी और बारिश का दौर शुरू हो सकता है। इसके असर से प्रदेशवासियों को गर्मी से कुछ दिनों के लिए राहत मिल सकती है।

Comment List