फर्जी दिव्यांगता प्रमाणपत्र मामले में परिवहन विभाग सख्त, अपात्र लाभार्थियों के खिलाफ होगी नियमानुसार कार्रवाई
दिव्यांग कार्मिकों का विवरण तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश
जयपुर। फर्जी दिव्यांगता प्रमाणपत्र और यूडीआईडी कार्ड के जरिए सरकारी लाभ लेने वाले अपात्र लोगों के खिलाफ परिवहन विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। उप परिवहन आयुक्त राजेश जाखड़ ने प्रदेश के सभी आरटीओ को पत्र भेजकर ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि फर्जी यूडीआईडी कार्ड के माध्यम से लाभ लेने वाले अपात्र व्यक्तियों पर दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम-2016 के तहत सख्त कदम उठाए जाएंगे। इसके साथ ही परिवहन विभाग ने अपने अधीनस्थ कार्यालयों में कार्यरत दिव्यांग कार्मिकों की जानकारी भी मांगी है।
सभी रीजन से दिव्यांग कार्मिकों का विवरण तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। यह जानकारी आगे कार्मिक विभाग (डीओपी) और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग को भेजी जाएगी। विभाग ने अधिकारियों को तय समय सीमा में रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। रिपोर्ट देने में लापरवाही या देरी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

Comment List