रोडवेज की आय घटी : घाटा बढ़ा, अब चैक पोस्ट लगाए जाएंगे
रक्षाबंधन के चलते रोडवेज की आय में बढ़ोतरी हुई
जयपुर। राजस्थान रोडवेज की आय में कमी के चलते अगस्त में रोडवेज प्रशासन को करीब 16 करोड़ रुपए के घाटे का सामना करना पड़ा है। 26 अगस्त तक के परिणामों के अनुसार, 1 से 26 अगस्त के बीच रोडवेज की आय 146.26 करोड़ रुपए रही, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में 162.27 करोड़ रुपए की आय हुई थी। इस तरह 26 दिनों में रोडवेज की आय में करीब 16 करोड़ रुपए की कमी दर्ज की गई।
हालांकि, 27 अगस्त के बाद रक्षाबंधन के चलते रोडवेज की आय में बढ़ोतरी हुई। इसी दौरान आय बढ़ने को लेकर परिचालकों पर फर्जी टिकट काटने के आरोप भी सामने आए। ऐसे में रोडवेज प्रशासन ने राजस्व रिसाव रोकने के लिए सख्ती शुरू कर दी है।
प्रशासन ने आज से 10 सितंबर तक विभिन्न स्थानों पर चैक पोस्ट स्थापित करने के आदेश जारी किए हैं। इन चैक पोस्ट के माध्यम से बसों की जांच की जाएगी और टिकटों व यात्री संख्या का मिलान किया जाएगा। जांच के दौरान राजस्व चोरी या फर्जी टिकट काटने का मामला सामने आने पर संबंधित परिचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Comment List