जयपुराइट्स को राहत: 30 अक्टूबर के बाद मेंटेनेंस के लिए नहीं कटेगी बिजली
बिजली लाइनों और उपकरणों के मेंटेनेंस कार्य को लेकर टाइमलाइन तय
जयपुर । बिजली कटौती और पावर शटडाउन से परेशान जयपुराइट्स के लिए राहत की खबर है। दीपावली के त्योहारी सीजन को देखते हुए जयपुर डिस्कॉम ने बिजली लाइनों और उपकरणों के मेंटेनेंस कार्य को लेकर टाइमलाइन तय की है। इसके तहत 30 अक्टूबर के बाद मेंटेनेंस के लिए बिजली बंद नहीं की जाएगी। डिस्कॉम ने फील्ड अधिकारियों को इस महीने के अंत तक मेंटेनेंस का शेष काम पूरा करने के निर्देश दिए हैं। जयपुर डिस्कॉम के सिटी सर्किल साउथ के अधीक्षण अभियंता (एसई) मनोज गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि निर्धारित समय सीमा में सभी जरूरी रखरखाव कार्य पूरे कर लिए जाएं।
इससे दीपावली के दौरान उपभोक्ताओं को बिजली कटौती का सामना नहीं करना पड़ेगा और बिजली आपूर्ति सुचारू बनाए रखने में मदद मिलेगी। मनोज गुप्ता ने कहा कि विभाग का प्रयास है कि मेंटेनेंस का काम जल्द से जल्द पूरा किया जाए, ताकि दीपावली के मौके पर आमजन को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सके। गौरतलब है कि बिजली लाइनों, ट्रांसफॉर्मर और अन्य उपकरणों के रखरखाव के लिए समय-समय पर शटडाउन लिया जाता है। इससे कई इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित होती है। ऐसे में 30 अक्टूबर के बाद मेंटेनेंस के लिए बिजली बंद नहीं करने की योजना से लोगों को त्योहार के दौरान राहत मिलने की उम्मीद है।

Comment List