जयपुर एयरपोर्ट : दुबई के लिए शुरू होगी अतिरिक्त फ्लाइट, सप्ताह में तीन दिन मिलेगी सुविधा
मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को संचालित होगी
जयपुर। जयपुर से दुबई के बीच हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। एयर इंडिया एक्सप्रेस मंगलवार से जयपुर और दुबई के बीच अतिरिक्त फ्लाइट का संचालन शुरू करेगी। यह फ्लाइट सप्ताह में तीन दिन मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को संचालित होगी। इससे दुबई जाने और वहां से जयपुर आने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।
निर्धारित शेड्यूल के अनुसार, एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट जयपुर से दोपहर एक बजे दुबई के लिए रवाना होगी। वहीं, दुबई से यह फ्लाइट रात 9:10 बजे जयपुर पहुंचेगी। नई फ्लाइट शुरू होने से दोनों शहरों के बीच हवाई संपर्क और बेहतर होने की उम्मीद है।
वर्तमान में एयर इंडिया एक्सप्रेस की ओर से जयपुर से दुबई के लिए एक फ्लाइट रोजाना संचालित की जा रही है। अब सप्ताह में तीन दिन अतिरिक्त फ्लाइट शुरू होने से यात्रियों को सीटों की उपलब्धता के लिहाज से भी राहत मिल सकती है। स्पाइसजेट की फ्लाइट को मिलाकर जयपुर से दुबई के लिए अब कुल तीन फ्लाइट उपलब्ध रहेंगी। इससे यात्रियों को यात्रा की योजना बनाने में अधिक सुविधा मिलेगी।

Comment List