जयपुर शहर कांग्रेस ने आयोजित किया ‘छात्रों की गूंज कार्यक्रम’, राहुल गांधी के कोटा भाषण का दिखाया वीडियो
छात्रों, युवाओं और शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर उनकी बातों को प्रमुखता दी
जयपुर। प्रदेश कांग्रेस (पीसीसी) मुख्यालय में जयपुर शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा ‘छात्रों की गूंज कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी के कोटा में दिए गए हालिया भाषण का वीडियो विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया, जिसमें छात्रों, युवाओं और शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर उनकी बातों को प्रमुखता दी गई। जयपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुनील शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम में पीसीसी चीफ गोविंद डोटासरा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उनके साथ कई वर्तमान विधायक, पूर्व विधायक, वरिष्ठ कांग्रेस नेता, जिला पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता तथा छात्र संगठन के सदस्य भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
मंच पर सभी नेताओं ने राहुल गांधी के संदेश को आगे बढ़ाने और युवा-छात्र वर्ग को कांग्रेस की विचार-धारा से जोड़ने के संकल्प को दोहराया। कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी के कोटा भाषण का वीडियो दिखाए जाने पर कार्यकर्ताओं ने खूब तालियां बजाईं। वीडियो में राहुल गांधी द्वारा छात्रों की समस्याओं, बेरोजगारी, शिक्षा व्यवस्था और भविष्य की चुनौतियों पर व्यक्त की गई चिंताओं को देखकर मौजूद युवा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल रहा। अंत में डोटासरा ने मंच से संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से युवा और छात्रों के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि मौजूदा व्यवस्था में युवाओं को रोजगार और बेहतर शिक्षा नहीं मिल पा रही है।

Comment List