जयपुर से दुबई जाने वाली फ्लाइट 8 घंटे लेट, यात्री परेशान
तकनीकी कारणों से उड़ान में देरी, यात्रियों को परेशानी
जयपुर से दुबई जाने वाली स्पाइसजेट की इंटरनेशनल फ्लाइट रविवार को करीब आठ घंटे देरी से रवाना हुई। तकनीकी व परिचालन कारणों से उड़ान समय बदला गया। लंबा इंतजार और सुविधाओं की कमी से यात्रियों में नाराजगी देखी गई।
जयपुर। स्पाइसजेट की जयपुर से दुबई जाने वाली इंटरनेशनल फ्लाइट रविवार को अत्यधिक देरी का शिकार हो गई। निर्धारित समय के अनुसार यह फ्लाइट सुबह 9:40 बजे जयपुर एयरपोर्ट से रवाना होनी थी, लेकिन तकनीकी व परिचालन कारणों के चलते फ्लाइट करीब 8 घंटे लेट हो गई। ताजा जानकारी के अनुसार अब इस फ्लाइट के शाम 5:40 बजे तक दुबई के लिए रवाना होने की संभावना जताई जा रही है।
फ्लाइट लेट होने की सूचना के बावजूद दुबई जाने वाले अधिकांश यात्री जयपुर एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 पर समय से पहुंच गए। लंबा इंतजार और बार-बार बदले जा रहे प्रस्थान समय के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों का कहना है कि उन्हें न तो देरी का स्पष्ट कारण बताया जा रहा है और न ही पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
एयरपोर्ट पर यात्रियों में नाराजगी देखी जा रही है, वहीं स्पाइसजेट की ओर से स्थिति सामान्य होने का आश्वासन दिया गया है।

Comment List