सिंधीकैम्प बस स्टैंड पर ईमानदारी की मिसाल, 8 लाख के जेवर लौटाए
महिला ने रोडवेज कर्मचारियों का आभार जताया
जयपुर में ईमानदारी की प्रेरक घटना सामने आई है। राजस्थान रोडवेज और उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के अधिकारियों ने महिला यात्री का करीब 8 लाख रुपये मूल्य का जेवरात से भरा बैग सुरक्षित लौटाकर भरोसे की मिसाल पेश की।
जयपुर। जयपुर में ईमानदारी की प्रेरक घटना सामने आई है। राजस्थान रोडवेज और उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के अधिकारियों ने महिला यात्री का करीब 8 लाख रुपये मूल्य का जेवरात से भरा बैग सुरक्षित लौटाकर भरोसे की मिसाल पेश की। सोमवार को नागौर के इन्दावड़ निवासी महिला संतोष अजमेर से किशनगढ़ जा रही थीं। अजमेर से रवाना होकर वे किशनगढ़ में उतर गईं, लेकिन जल्दबाजी में बैग सीट के नीचे ही भूल गईं। याद आने पर उन्होंने रोडवेज अधिकारियों से संपर्क किया।
बस जब जयपुर पहुंची, तो यूपी रोडवेज प्रभारी श्रवण सिंह ने बैग सुरक्षित उतारकर संभाल लिया। मुख्य प्रबंधक राकेश राय के सुपरविजन में पहचान की पुष्टि की गई और यातायात प्रबंधक लोकेश चौधरी ने महिला व परिजनों को बैग सौंप दिया। बैग में 5 तोला सोना सहित कीमती आभूषण थे। महिला ने रोडवेज कर्मचारियों का आभार जताया।

Comment List