जयपुर में अवैध पटाखा नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई, मास्टरमाइंड फिरोज गाजियाबाद से गिरफ्तार
पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई
जयपुर। खोह नागोरियान क्षेत्र में अवैध पटाखा और विस्फोटक सामग्री के कारोबार पर पुलिस ने शिकंजा कसते हुए दो बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अवैध पटाखा फैक्ट्री के मुख्य आरोपी फिरोज को गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है। वहीं दूसरे मामले में हिस्ट्रीशीटर कय्यूम खान को केंद्रीय कारागृह से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू की गई है। पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों में अन्य आरोपियों और पूरे नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार 12 जून को खोह नागोरियान क्षेत्र में अवैध पटाखा फैक्ट्री मिलने के बाद दर्ज मामले में मुख्य आरोपी फिरोज फरार चल रहा था। जांच के दौरान उसे गाजियाबाद से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में सामने आया कि वह दिल्ली और गाजियाबाद से विस्फोटक सामग्री का कच्चा माल लाकर जयपुर में अवैध रूप से पटाखे तैयार करवाता था। इसी तरह 11 जून को दर्ज दूसरे मामले में हिस्ट्रीशीटर कय्यूम खान को केंद्रीय कारागृह जयपुर से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया गया। पुलिस उससे अवैध पटाखा कारोबार और उससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है। कय्यूम खान के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। बॉक्स : जिस फैक्ट्री से जुड़ा, वहां 8 लोगों की गई थी जान पुलिस के अनुसार गिरफ्तार हिस्ट्रीशीटर कय्यूम खान का नाम उस अवैध पटाखा फैक्ट्री से भी जुड़ा है, जहां विस्फोट के बाद लगी आग में आठ लोगों की मौत हो चुकी है। हादसे के बाद पुलिस ने पूरे इलाके में डोर-टू-डोर सर्वे और सघन अभियान चलाकर अवैध पटाखा कारोबार पर कार्रवाई तेज कर दी है।

Comment List