स्टेट रोड सेफ्टी कौंसिल में बनाए जाएंगे सदस्य, परिवहन मुख्यालय ने आरटीओ-डीटीओ से संस्थाओं की मांगी सूची
सदस्यों का मनोनयन मुख्यमंत्री स्तर से किया जाएगा
जयपुर। प्रदेश में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न वर्गों को स्टेट रोड सेफ्टी कौंसिल में सदस्य के रूप में शामिल किया जाएगा। इसके लिए परिवहन मुख्यालय ने प्रदेशभर के आरटीओ और डीटीओ कार्यालयों से संबंधित संस्थाओं एवं संगठनों की सूचना मांगी है। सदस्यों का मनोनयन मुख्यमंत्री स्तर से किया जाएगा। अपर परिवहन आयुक्त सड़क सुरक्षा निधि सिंह ने सभी क्षेत्रीय अधिकारियों को सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत प्रत्येक कार्यालय के क्षेत्र में चार पहिया वाहन निर्माता, दुपहिया मोटर वाहन निर्माता, चार पहिया मोटर वाहन डीलर, दुपहिया वाहन डीलर, ट्रक ऑपरेटर, स्टेट कैरिज ऑपरेटर, कॉन्ट्रैक्ट कैरिज ऑपरेटर और टैक्सी-ऑटो ऑपरेटर की सूची मांगी गई है।
इसके अलावा, प्रत्येक संभाग में सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में कार्यरत गैर सरकारी संगठनों (एनजीओ) की जानकारी भी मांगी गई है। इन सूचनाओं के आधार पर कौंसिल में विभिन्न क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

Comment List