मोबाइल हैक कर खाते से निकाले 2.18 लाख रुपए, फैक्ट्री में काम कर रहे युवक के बैंक खाते को बनाया निशाना
अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज
जयपुर। मालपुरा गेट थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का मामला सामने आया है। एक व्यक्ति का मोबाइल फोन हैक कर उसके बैंक खाते से 2 लाख 18 हजार 200 रुपए निकाल लिए गए। पीड़ित को खाते से रुपए निकलने की जानकारी मिली तो उसने तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मुहाना रोड स्थित झूलेलाल नगर निवासी हरमोहन गुर्जर (38) पुत्र गोपाल गुर्जर ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि 16 अक्टूबर को वह अपनी फैक्ट्री में था। इसी दौरान रात के समय किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसका मोबाइल फोन हैक कर लिया। इसके बाद उसके बैंक खाते से 2,18,200 रुपए निकाल लिए गए। खाते से रकम निकलने का पता चलते ही पीड़ित ने बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवाई।
अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज :
पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट पर 18 अक्टूबर को मालपुरा गेट थाने में प्रकरण दर्ज किया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक रामकिशोर कर रहे हैं। पुलिस अज्ञात आरोपी की पहचान और खाते से निकाली गई रकम के संबंध में जांच कर रही है।

Comment List