राजस्थान निकाय चुनाव : नगर निगम जयपुर में अब 149-149 वार्डों में भाजपा और कांग्रेस के बीच होगा मुकाबला
दोनों दलों ने 150-150 उम्मीदवारों को सिंबल दिए थे
जयपुर। राजस्थान में सबसे बड़े नगर निगम जयपुर में अब 149-149 वार्डों में ही सीधा मुकाबला होगा। 150 वार्डों वाले इस निगम में यह स्थिति तब बन गई, जब जांच में कांग्रेस के एक प्रत्याशी का नामांकन पत्र रद्द हो गया और भाजपा की प्रत्याशी ने पर्चा दाखिल नहीं किया। दोनों दलों ने 150-150 उम्मीदवारों को सिंबल दिए थे। नगर निगम जयपुर के वार्ड 111 के लिए ज्वाला प्रसाद को प्रत्याशी घोषित किया था, जिसका नामांकन पत्र मंगलवार को जांच के बाद रिटर्निंग ऑफिसर ने खारिज कर दिया। ज्वाला प्रसाद ने अपने नामांकन पत्र में अदालत में विचाराधीन आपराधिक प्रकरण की जानकारी नहीं दी थी, जिसकी वजह से उसका पर्चा खारिज कर दिया गया। इस मामले में 5 साल से ज्यादा की सजा का प्रावधान है। इस वार्ड में भाजपा ने संजय जायसवाल को मैदान में उतारा है। इसी प्रकार भाजपा ने वार्ड 146 के लिए अफसाना को सिंबल दिया था, लेकिन उसने नामांकन पत्र ही दाखिल नहीं किया। इस वार्ड में कांग्रेस ने अफरोज को टिकट दिया है। जयपुर नगर निगम के सभी वार्डों में 1392 नामांकन पत्र दाखिल किए गए, उनमें से मंगलवार को जांच में 338 पर्चे खारिज कर दिए गए है।
झालावाड़ में कांग्रेस के दो और भाजपा के एक प्रत्याशी का पर्चा खारिज :
यहां पहुंची खबरों के अनुसार झालावाड़ नगर परिषद में वार्ड नंबर 5 में कांग्रेस के प्रत्याशी पुष्पेन्द्र सिंह, वार्ड नंबर 7 से भाजपा प्रत्याशी सागर कहार और वार्ड नंबर 31 से कांग्रेस के प्रत्याशी शाहरुख का पर्चा रद्द हो गया।
किशनगढ़ में निर्दलीय प्रत्याशी का निधन :
अजमेर जिले की किशनगढ़ नगर परिषद के वार्ड नंबर 36 से निर्दलीय प्रत्याशी रिखब रील का हार्ट अटैक से निधन हो गया। वह सोमवार को सरवाड़ में अपनी बहन के घर गए थे, वहीं अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई।

Comment List