मुस्लिम समाज के प्रतिनिधिमंडल ने गहलोत से की मुलाकात : UCC बिल को लेकर चिंताओं से कराया अवगत, दरगाहों और मदरसों को हटाने का उठाया मुद्दा
सामाजिक-राजनीतिक कार्यकर्ताओं के साथ की विस्तार से चर्चा
जयपुर। समान नागरिक संहिता बिल तथा पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा और अतिक्रमण के नाम पर धार्मिक स्थलों को हटाए जाने के मुद्दे को लेकर मुस्लिम समाज के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने गहलोत से विभिन्न जिलों से आए उलेमाओं, मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों तथा सामाजिक-राजनीतिक कार्यकर्ताओं के साथ इन मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
प्रतिनिधिमंडल ने UCC बिल को लेकर मुस्लिम समाज की चिंताओं और आशंकाओं से गहलोत को अवगत कराया। साथ ही पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा एवं अतिक्रमण के नाम पर मस्जिदों, दरगाहों और मदरसों को हटाए जाने से जुड़े मामलों को भी उनके समक्ष रखा। प्रतिनिधियों ने संविधान और नागरिक अधिकारों के संदर्भ में समाज की मांगों पर चर्चा की।
कार्यक्रम के संयोजक एवं राजस्थान जमीयत उलमा-ए-हिन्द के प्रदेश महासचिव मौलाना अब्दुल वाहिद खत्री सहित अन्य उलेमाओं ने अपनी बात रखी। गहलोत ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और कहा कि कांग्रेस सभी धर्मों, वर्गों एवं समुदायों के सम्मान और अधिकारों के लिए प्रतिबद्ध रही है। उन्होंने इन विषयों पर पार्टी स्तर पर चर्चा कर समाज की चिंताओं को उचित मंच तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।
इस दौरान एम.डी. चोपदार, रफीक खान, अमीन कागजी, फतेह खान, कारी मोहम्मद अमीन, मौलाना हबीबुल्लाह कासमी, हाफिज मंजूर अली खान, मौलाना यूनुस कासमी सहित 27 जिलों के जिलाध्यक्ष, उलेमा, कांग्रेस नेता एवं समाज के अन्य लोग मौजूद रहे।

Comment List