राष्ट्रीय मिर्गी दिवस : माहवारी के दिनों में बढ़ सकते हैं मिर्गी के दौरे, हर तीसरी-चौथी महिला होती है प्रभावित
हार्मोनल बदलाव के कारण बढ़ती है दौरे पड़ने की आशंका
जयपुर। मिर्गी को आमतौर पर दिमाग से जुड़ी बीमारी माना जाता है, लेकिन महिलाओं में इसके दौरे मासिक धर्म चक्र से भी प्रभावित हो सकते हैं। माहवारी से पहले या उसके दौरान कुछ महिलाओं में मिर्गी के दौरे बढ़ जाते हैं। इस स्थिति को कैटामेनियल एपिलेप्सी कहा जाता है। विशेषज्ञों के अनुसार मिर्गी से पीड़ित करीब 30 से 40 प्रतिशत महिलाओं में इस तरह का पैटर्न देखने को मिलता है। चिंता की बात यह है कि बीमारी की पहचान और इलाज को लेकर जागरुकता की कमी के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में ट्रीटमेंट गैप 60 प्रतिशत तक पहुंच रहा है जबकि शहरी क्षेत्रों में यह करीब 40 प्रतिशत है। विशेषज्ञों का कहना है कि मिर्गी को सामाजिक कलंक से जोड़ने के बजाय इसे एक उपचार योग्य न्यूरोलॉजिकल बीमारी के रूप में समझने की जरूरत है।
एस्ट्रोजन हार्मोन का स्तर बढ़ने से पड़ते हैं दौरे :
इंडियन एपिलेप्सी एसोसिएशन के जयपुर चैप्टर के अध्यक्ष और सीनियर न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. राजेंद्र सुरेका ने बताया कि महिलाओं में मासिक धर्म के दौरान होने वाले हार्मोनल बदलाव मस्तिष्क की गतिविधियों को प्रभावित कर सकते हैं। एस्ट्रोजन हार्मोन का स्तर बढ़ने से दौरे पड़ने की आशंका बढ़ सकती है जबकि प्रोजेस्टेरोन का प्रभाव मस्तिष्क की गतिविधियों को शांत रखने में मदद करता है। माहवारी से ठीक पहले प्रोजेस्टेरोन का स्तर कम होने पर कुछ महिलाओं में दौरे अधिक पड़ने लगते हैं। यदि किसी महिला को पहले से मिर्गी है और उसके दौरे बार-बार मासिक चक्र के आसपास आते हैं तो इसकी जांच जरूरी है।
एंटी-सीजर दवाओं के साथ उपचार में बदलाव जरूरी :
डॉ. सुरेका ने बताया कि कई महिलाएं माहवारी और मिर्गी के दौरों के बीच संबंध को समझ नहीं पातीं। इसके कारण समस्या की सही पहचान में देरी होती है। कुछ मरीजों में मासिक धर्म के आसपास दवा की खुराक में बदलाव या हार्मोन आधारित उपचार पर विचार किया जा सकता है। हालांकि यह निर्णय मरीज की स्थिति के अनुसार डॉक्टर ही लेते हैं। पर्याप्त नींद, तनाव पर नियंत्रण, नियमित खानपान और शारीरिक गतिविधियां भी दौरे नियंत्रित रखने में सहायक हो सकती हैं।

Comment List